पलिया गुरूद्वारे के सामने धरने पर बैठे सिख समुदाय के लोग।
लखीमपुर खीरी में पलिया कोतवाल विवेक कुमार उपाध्याय की आपत्तिजनक टिप्पणी से रविवार को सिख समुदाय के लोग भड़क उठे। सैकड़ों लोगों ने नगर में जुलूस निकाला और देर शाम तहसील गेट के सामने नारेबाजी कर धरना शुरू कर दिया। आक्रोशित लोग कोतवाल को निलंबित करने की मांग पर अड़ गए। रात नौ बजे तक एसडीएम और सीओ धरना स्थल पहुंच जमीन पर बैठ लोगों को मनाने में जुटे रहे।
दरअसल, पलिया-भीरा मार्ग पर रविवार सुबह से ही तेज धार में पानी बह रहा था। प्रशासन ने बाइक व अन्य वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई है। दोपहर बाद एक युवक महिला के साथ बाइक से आ रहा था। कोतवाल विवेक कुमार उपाध्याय से उसकी कुछ कहासुनी हो गई। कुछ लोगों ने वीडियो बना लिया। किसी ने कोतवाल पर सिख समुदाय को आतंकवादी बताने का आरोप लगाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
तहसील गेट के बाहर किया धरना प्रदर्शन
जानकारी होने पर भारी संख्या में सिख समुदाय के लोग गुरुद्वारे पहुंचे। शाम करीब छह बजे सिख समुदाय ने नगर में जुलूस निकाला। कोतवाल व पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सभी ने तहसील गेट के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। जानकारी होने पर एसडीएम कार्तिकेय सिंह व सीओ यादवेंद्र यादव मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह कोतवाल को निलंबित करने की मांग पर अड़े रहे।
देर रात तक तहसील गेट के सामने सभी लोग डटे हैं। पलिया एसडीएम कार्तिकेय सिंह ने बताया कि कोतवाल को निलंबित करने की मांग की जा रही है, मामले को दिखवाया जा रहा है। उसके बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
कोतवाल की सफाई
पलिया कोतवाल विवेक कुमार उपाध्याय ने बताया कि पानी का बहाव तेज होने से बाइक चालकों को मना किया गया था। बाकी कांवड़ यात्रा निकल रही थी, जिसके चलते सड़क को साफ कराया जा रहा था। आतंकवादी शब्द नहीं कहा है और न ही इसका कोई वीडियो है। कांवड़ यात्रा निकालने के लिए मार्ग को खाली कराया जा रहा था। काफी संख्या में लोग रास्ते पर खड़े थे, वायरल वीडियो में भी साफ दिखाई पड़ रहा है।