लखीमपुर खीरी। सरकारी धान खरीद में तेजी लाने और किसानों का धान खरीदने को लेकर गुरुवार को खाद्य विभाग के संभागीय खाद्य नियंत्रक (आरएफसी) संतोष कुमार ने भी जिले का दौरा कर क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। मोहम्मदी क्षेत्र के गांव पिपरिया कप्तान में संचालित क्रय केंद्र पर केवल 116 क्विंटल धान की खरीद पाई गई। इस पर आरएफसी ने केंद्र प्रभारी प्रकाश नरायन सक्सेना को कड़ी फटकार लगाई और प्रतिकूल प्रविष्टि देते हुए धान खरीद में तेजी लाने के निर्देश दिए। गोला मंडी में एफसीआई और मंडी समिति के क्रय केंद्र बंद मिले, जिस पर नाराजगी जताते हुए एफसीआई के क्रय केंद्र पर किसी दूसरे कर्मचारी की तुरंत तैनाती करने के निर्देश दिए हैं। वहीं मंडी समिति के सचिव को भी शुक्रवार से खरीद शुरू करने के सख्त निर्देश दिए। मोहम्मदी मंडी के क्रय केंद्र प्रभारियों ने दूसरा कांटा लगवाने की मांग की, जिस पर आरएफसी ने आवश्यकतानुसार क्रय केंद्रों पर दूसरा कांटा लगवाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी लालमणि पांडेय, एएमओ सरोज मौजूद रहे। संवाद