तहसील प्रशासन और वकीलों के बीच एक सप्ताह से चल रहा विवाद एडीएम के हस्तक्षेप से खत्म हो गया।
पांच जून को एसडीएम पलिया शादाब असलम एवं तहसीलदार नीरज पटेल से विवाद के बाद अधिवक्ता जहां कार्य बहिष्कार कर आंदोलन कर रहे थे वहीं तहसील के कर्मचारी भी लगातार बैठक कर रहे थे। इसको देखते हुए तहसील में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई थी। विवाद थमता न देख एडीएम एसपी सिंह, एसडीएम गोला विनोद कुमार गुप्ता और सीओ पलिया रामआसरे सिंह के साथ शुक्रवार को पलिया तहसील पहुंचे और उन्होंने एसडीएम पलिया शादाब असलम, तहसीलदार नीरज पटेल, नायब तहसीलदार राजू कुमार सहित अधिवक्ता संघर्ष समिति के अध्यक्ष श्रीष द्विवेदी, अधिवक्ताओं मधुसूधन तिवारी, भागीरथ शाक्य, रमाशंकर पांडेय, अशर्फीलाल, सुनील शुक्ला, जावेद अख्तर, राजीव शुक्ला, केबी गुप्ता, अफसर अली आदि के साथ दो चक्रों में वार्ता की और अधिवक्ताओं से विवाद समाप्त कर आंदोलन स्थगित करने को कहा। एडीएम ने कहा कि दोनो पक्ष विवाद भूलकर कार्य करें। अधिवक्ताओं ने कहा कि वे सात दिन तक तहसीलदार का व्यवहार देखेंगे इसके बाद कोर्ट जाएंगे, लेकिन आंदोलन को स्थगित कर दिया गया है। बैठक के बाद तहसील में फिलहाल बदला हुआ माहौल देखने को मिला।