लखीमपुर खीरी। स्वास्थ्य विभाग में कोरोना काल के दौरान आउट सोर्सिंग पर रखे गए कर्मचारियों की रोजी-रोटी पर संकट मंडराने लगा है, क्योंकि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने इन कर्मचारियों की 30 जून तक ही सेवाएं लेने का अंतिम आदेश जारी कर दिया है। इससे आहत कर्मचारियों ने सोमवार को डीएम को ज्ञापन देकर सेवा विस्तार या फिर समायोजन करने की मांग की है।
कोरोना काल के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से 69 कर्मचारियों को आउट सोर्सिंग के माध्यम से रखा गया। अब इन सभी का अंतिम सेवा विस्तार सिर्फ 30 जून तक ही रहने का आदेश जारी हुआ है। इससे इन स्वास्थ्य कर्मियों में नाराजगी है। जिला अस्पताल में काम कर रहे नितिन श्रीवास्तव ने बताया कि कोरोना काल से लेकर अब तक संक्रमित मरीजों को वार्ड में भर्ती करने से लेकर इलाज व जांच के साथ रिपोर्ट बनाने का काम किया। संक्रमितों के करीब नियमित कर्मचारी जाने से कतराते थे, लेकिन हम सभी लोग जान जोखिम में डालकर काम करते रहे।
अब 30 जून के बाद सेवा विस्तार न करने का आदेश जारी हुआ है। इससे हम लोगों की रोजी रोटी छिन जाएगी। जारी आदेश से आहत आउट सोर्स से रखे गए स्वास्थ्य कर्मियों ने डीएम को ज्ञापन देकर सेवा विस्तार एवं समायोजन करने की मांग की है।