निघासन। सिंगाही रोड स्थित राज ज्वैलर्स की दुकान में पीछे से सीढ़ी लगाकर चढ़े चोरों ने दुकान में रखे साढ़े चार सौ ग्राम सोने और एक क्विंटल चांदी के जेवर चुरा लिए। फॉरेंसिक और क्राइम ब्रांच की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने रिपोर्ट तो दर्ज कर ली है, लेकिन 12 घंटे बाद भी चोरों का सुराग नहीं लगा पाए हैं।
सुभाषनगर वार्ड निवासी दिग्विजय गुप्ता ने बताया कि उनकी दुकान पहले पलिया रोड पर किराये पर थी। सिंगाही रोड पर दुकान बनवाकर 16 अक्तूबर को शुभारंभ कराया था। रोज की तरह बुधवार को दिग्विजय अपनी दुकान बढ़ाकर घर चले गए। बृहस्पतिवार सुबह जब दुकान पहुंचे और शटर का ताला खोला तो दंग रह गए। दुकान से सोने की चेन, अंगूठी, समेत करीब चार सौ ग्राम सोना और एक क्विंटल चांदी का समान गायब था। दिग्विजय ने बताया चोर दुकान के पीछे स्थित नाजिम खान के गैराज के सहारे छत पर चढ़ गए और सीढ़ी पर लगे पल्ले का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। अंदर भी दो दरवाजे तोड़े फिर दुकान में घुसे।
चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीबीआर भी उठा ले गए। पुलिस ने पड़ोस की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं। चोरी का खुलासा करने के लिए निघासन के अलावा पढ़ुवा थाने की पुलिस, सर्विलांस, क्राइम ब्रांच, और फोरेंसिक टीम को भी लगाया गया है।
मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चोरी के खुलासे के लिए पुलिस की टीम लगाई गई है। शीघ्र ही खुलासा किया जाएगा।
राजेश कुमार, सीओ निघासन
कोबरा पुलिस पर आरोप, गश्त के बजाय रात भर ढूंढती है खनन की मिट्टी
निघासन। थाने से चंद कदमों की दूरी पर हुई चोरी की वारदात में पुलिस पर लापरवाही का आरोप लग रहा है। आरोप है कि कोबरा पुलिस समेत अन्य टीमें रातभर मिट्टी खनन करने वालों की तलाश में लगी रहती है।
कस्बे में चोरी की वारदातों में इजाफा हुआ है। नानकनगर में एक सप्ताह पहले रामकुमार, बेनी माधव के घरों में चोरों ने करीब एक लाख रुपये का समान चोरी किया था। इसके पहले भी इसी मोहल्ले में चोरी हो चुकी है। अभी तक इन चोरियों का खुलासा नहीं हो पाया था कि चोरों ने बड़ी घटना को अंजाम दे दिया। नगर के सदर चौराहे से लेकर पूरे कस्बे की गश्त होमगार्ड के भरोसे रहती है। झंडी में भाजपा नेता राजेश्वर सिंह के यहां चोरी का खुलासा हुआ ही था कि दूसरी घटना ने पुलिस गश्त की पोल खोल दी है। संवाद
24 घंटे में नहीं हुआ खुलासा तो होगा आंदोलन
व्यापार मंडल श्याम बिहारी मिश्र गुट के मंडल अध्यक्ष आनंद चतुर्वेदी, कंछल गुट के अशोक चौबिया, व्यापारी अभिषेक दीक्षित ने बताया कि यदि 24 घंटे में पुलिस ने खुलासा नहीं किया तो मामले को लेकर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।