सीएचसी रमियाबेहड़ के बैरिया गांव में चिकन पॉक्स से पीड़ित बच्चा
लखीमपुर खीरी। सीएचसी रमियाबेहड़ के गांव बैरिया में तमाम लोग चिकन पॉक्स की चपेट में हैं। इससे पीड़ित 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। इससे अन्य संक्रमितों के घरवाले दहशत में आ गए हैं। आशा एवं एएनएम ने अधिकारियों को इसकी सूचना तक नहीं दी।
बैरिया गांव में पिछले कई दिनों से तमाम लोग चिकन पॉक्स से संक्रमित है। वहीं कई लोग बुखार की चपेट में बताए जाते हैँ। चिकन पॉक्स से ग्रसित बच्चों से लेकर बड़ों के शरीर पर लाल दाने उभर आए हैं। इससे ग्रसित 35 वर्षीय कमाल खां पुत्र अकबाल खां को कुछ दिन पहले तेज बुखार आया और शरीर पर पर दाने उभर आए। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर घरवाले शनिवार रात इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जा रहे थे। मगर शारदा नगर के पास कमाल खां की मौत हो गई।
उधर, गांव निवासी संजीव, रेशमा, हर्षित, श्रद्धा, आशीष, कांती, मानवी, प्रतीक, सुशीला, राजवी के अलावा मेराज और अली अहमद आदि के परिवार के कई लोग चिकन पॉक्स से ग्रसित हैं। कमाल की मौत होने से इनके घरवाले दहशत में आ गए हैं। बताते हैं कि गांव में पिछले कई दिन से चिकन पॉक्स का प्रकोप है, लेकिन आशा एवं एएनएम अंजान बनी रही। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है।
बैरिया गांव में चिकनपॉक्स से एक युवक की मौत होने की सूचना मिली है। इस पर सीएचसी अधीक्षक को टीम भेजकर संक्रमितों का इलाज करने के लिए निर्देशित किया है। इस मामले में लापरवाही करने वालों पर भी कार्रवाई होगी।
- डॉ. अनिल कुमार गुप्ता प्रभारी सीएमओ