मोहम्मदी। कोतवाली के एक गांव निवासी युवक ने हजरतपुर निवासी महिला से आंगनबाड़ी सुपरवाइजर पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर एक लाख रुपये ठग लिए। महिला को फर्जी नियुक्तिपत्र थमा दिया। महिला ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी पर मुकदमा दर्ज कराया है।
गांव हजरतपुर निवासी राजकुमारी ने दर्ज कराए मुकदमे में बताया कि वह गांव में परचून की दुकान चलाती है। गांव भोगियापुर निवासी अर्जुन उर्फ सैलू उर्फ एके भारती ने दुकान पर आकर कहा कि अपने कागज दो तो आंगनबाड़ी सुपरवाइजर पद पर नौकरी लगवा दूंगा। नौकरी लगने के बाद डेढ़ लाख रुपये दे देना। महिला ने बताया कि युवक के झांसे में आकर कई बार में एक लाख रुपये दे दिए।
10 सितंबर को आरोपी ने दुकान पर आकर उसे एक नियुक्तिपत्र दिया और तीन हजार रुपये लेकर चला गया। सदर तहसील और अन्य स्थानाें से पता किया तो नियुक्तिपत्र फर्जी निकला। इस संबंध में जब आरोपी से बात की तो उसने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी अर्जुन उर्फ एके भारती पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू की है।