फरधान। सुबह आठ बजे प्रेमिका के साथ अंबाला-हरियाणा से वापस आए गांव कोरैया चमरू निवासी युवक का शव कुछ देर बाद संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर मिला। उसके गले में दुपट्टा बंधा था और प्रेमिका घर से गायब थी। परिजनों ने प्रेमिका पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस, युवक की प्रेमिका से पूछताछ कर रही है।
गांव कोरैय्या चमरू निवासी रामचंद्र का 24 वर्षीय पुत्र अमित कुमार बृहस्पतिवार की सुबह करीब आठ बजे अंबाला-हरियाणा से नौकरी कर आया था। बताते हैं कि वह बिना शादी के चार साल से लिव इन रिलेशनशिप में था। प्रेमिका भी उसके साथ आई थी। बस से उतरने के बाद पिता रामचंद्र ने उसे गांव पहुंचाया और घर पर छोड़कर ड्यूटी करने कालाआम चले गए थे। रामचंद्र कालाआम में पानी की टंकी पर ड्यूटी करते हैं।
सुबह नौ बजे के बाद अमित के परिवार की लड़की रोशनी किसी काम से घर गई तो घर में जमीन पर अमित का शव पड़ा देखा। अमित के गले में दुपट्टे का फंदा लगा था और दुपट्टे का दूसरा छोर चारपाई से बंधा था। उसकी प्रेमिका घर में नहीं थी। उसने फोन कर अमित के पिता को जानकारी दी। पिता रामचंद्र की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
उधर, परिजनों के आरोप पर प्रेमिका को हिरासत में लिया गया है। एसओ अनिल कुमार सैनी ने बताया पिता की तहरीर पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी मुकदमा दर्ज करने के लिए कोई तहरीर नहीं मिली है। दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। पिता ने उसकी प्रेमिका पर शक जाहिर किया है। शक के आधार पर प्रेमिका से पूछताछ जारी है।