लखीमपुर खीरी। सुबह के समय टहलने निकले पहाड़ापुर निवासी श्यामसिंह को सड़क पर घूम रहे सांड़ ने पटक दिया। परिजन आनन-फानन उन्हें ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हाे गई।
सदर कोतवाली के पहाड़ापुर में रहने वाले सर्वेश बंसवार ने बताया कि उनके 80 वर्षीय पिता श्याम सिंह वर्मा सोमवार की सुबह 5:30 बजे टहलने निकले थे। राजापुर बीर बाबा मंदिर से पहले एफसीआई गोदाम के सामने सांड़ ने दौड़ाकर पिता को पटक दिया। इससे उन्हें गंभीर चोट आई। इलाज के लिए ओयल ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। जहां उनकी मौत हो गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने फौरी सूचना दर्ज की है।
सांड के हमले में युवक घायल
रविवार की देर शाम भुइफोरवानाथ मोहल्ले में घूम रहे सांड ने दुकान के पास खड़े 40 वर्षीय पिंकू पाठक पर हमला बोल दिया। परिजनों ने घायल पिंकू पाठक को अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उनका उपचार हो रहा है। गली-मोहल्लों में घूम रहे बेसहारा जानवर आमजन को लगातार नुकसान पहुंचा रहे हैं, लेकिन पालिका प्रशासन अनजान बना हुआ है।