विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति ने आंदोलन तेज करने का लिया निर्णय
गोला गोकर्णनाथ। अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन पर बैठे पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने तय किया है कि अब वह अपना सीयूजी नंबर भी बंद रखेंगे। साथ ही ऐलान किया कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं आंदोलन जारी रहेगा।
शुक्रवार को संगठन के अध्यक्ष एवं विद्युत पारेषण खंड गोला के अधिशासी अभियंता वरुण सिंह की अध्यक्षता में अधिकारियों, कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। पदाधिकारियों ने कहा कि उत्तर प्रदेश ऊर्जा निगमों में शिखर प्रबंधन के तानाशाहीपूर्ण रवैये को तत्काल रोका जाए। व्याप्त भ्रष्टाचार को रोकने के लिए 25000 करोड़ रुपये के मीटरों की खरीद के आदेश वापस लिए जाएं।
प्रदर्शन के चलते विद्युत वितरण उपखंड के सभी पटल खाली पड़े रहे। इस मौके पर विक्की गौड़, विद्युत अभियंता संघ अध्यक्ष एसडीओ विनीत कुमार वर्मा, राज्य जूनियर इंजीनियर संगठन के एसडीओ अमित भरद्वाज, अधीक्षण अभियंता सर्किल गोला अशोक सुंदरम, अधिशासी अभियंता महेंद्र पाल सिंह, एसडीओ पवन कुमार, नीलाक्ष मनोस, रोहित गौतम आदि मौजूद रहे।