मैलानी। निघासन में सराफा दुकान में हुई 75 लाख की चोरी का अभी खुलासा भी नहीं हुआ था कि मैलानी में शनिवार रात थाने से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर स्थित एक सराफा दुकान को चोरों ने निशाना बना लिया। चोर यहां से साढ़े तीन किलो चांदी और 22 ग्राम सोने के जेवर चुरा ले गए। सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी ले गए। इसके अलावा चोरों ने पड़ोस की परचून की दुकान और कुछ दूर स्थित शराब की दुकान के ताले भी तोड़े, लेकिन यहां चोरी में कामयाब नहीं हो सके।
खुटार रोड पर पानी की टंकी के सामने थाने से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर ग्राम जवाहरपुर निवासी सचिन की सराफा की दुकान है। दुकान के पड़ोस में महेश अग्रवाल पप्पू की किराना की दुकान और मकान है। पप्पू ने बताया कि रविवार को उनके यहां कन्या भोज का कार्यक्रम होने की वजह से घरवाले रात लगभग तीन बजे जाग गए। पत्नी ने पड़ोस की दीवार पर एक ताला रखा देखा तो उन्हें बताया।
पप्पू ने बाहर आकर देखा, तो सराफा की दुकान के ताले टूटे थे। उन्होंने उसी समय दुकान स्वामी सचिन को फोन किया। रात को ही पुलिस मौके पर पहुंची। सुबह होने पर सीओ मंदीप सिंह, स्वाट टीम प्रभारी हरिकेश राय, सर्विलांस प्रभारी शिव कुमार मय टीम और फॉरेंसिक टीम ने मौका मुआयना किया।
दुकानस्वामी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि चाेरों ने दुकान में रखे साढ़े तीन किलो चांदी और 22 ग्राम सोने के जेवर चुरा लिए। चोरों ने पड़ोस स्थित कृष्ण कुमार की परचून की दुकान और बाईपास तिराहा पर भीरा रोड स्थित शराब की दुकान के शटर के भी ताले तोड़े, लेकिन यहां वे चोरी में कामयाब नहीं हुए। एसओ देवेंद्र गंगवार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बताया कि आसपास के सीसी टीवी कैमरों को देखा गया है, जिसमें तीन नकाबपोश युवा दिखे हैं, जोकि घटनास्थल से चांदपुर रोड होते हुए जंगल की तरफ जाते दिखाई दिये हैं। उन्होंने बताया कि खुलासे के लिए स्वाट टीम, सर्विलांस, फील्ड यूनिट और स्थानीय पुलिस सहित चार टीमें लगाई गई हैं।
व्यापार मंडल ने जताई नाराजगी, सीओ को दिया ज्ञापन
मैलानी। सराफा दुकान में हुई चोरी की घटना पर मिश्रा और कंछल गुट के संयुक्त व्यापार मंडल ने आक्रोश जताते हुए यहां पहुंचे सीओ सिटी मंदीप यादव को ज्ञापन देकर एक हफ्ते के भीतर चोरी का खुलासा करने, लापरवाह पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हुए खुलासा न होने पर दुकानें बंद कर प्रदर्शन की चेतावनी भी दी।
दो महीने पहलेे ही खुली थी सराफा की दुकान
मैलानी। दुकास्वामी सचिन के पिता राम शंकर ने बताया कि बेटों के रोजगार के लिए उन्होंने किसी तरह इंतजाम कर दो महीने पहले ही दुकान खुलवाई थी। दो महीने के भीत ही हुई चोरी की घटना से वह बेहद आहत दिखाई दिए।
शनिवार की रात सचिन दुकान से घर नहीं ले गया सामान
मैलानी। दुकानस्वामी राम शंकर के बेटे सचिन ने बताया चोरी की आशंका को देखते हुए अन्य सराफा कारोबारियों की तरह वह भी रोज दुकान से सामान घर ले जाता था। शनिवार को साप्ताहिक बंदी से दुकान खुली नहीं थी। बाहर से दुकान का सामान खरीदकर लाया और दुकान में रखकर ही घर चला गया। इससे शंका है कि यह बात किसी को पता होगी और इसी से रात को ही चोरी की घटना हो गई।दो हफ्ते पहले पटरी दुकानों के टूटे थे ताले
मैलानी। लगभग दो हफ्ते पहले बाईपास तिराहा पर सचिन की दुकान से कुछ दूरी पर स्थित पटरी दुकानों के ताले टूटे थे, तब चोर एक मिठाई की दुकान के काउंटर का ताला तोड़कर उसमें से नगदी चुरा ले गए थे। पुलिस उस घटना को गंभीरता से लेती तो शायद यह चोरी की घटना न होती।
मैलानी में सराफा की दुकान में जांच करती फॉरेंसिक टीम
मैलानी में सराफा की दुकान में जांच करती फॉरेंसिक टीम