लखीमपुर गाेला रोड छाउछ चौराहे के पास हाई वे पर खड़े ट्रक
लखीमपुर खीरी। वाहन खड़ा कर कार्रवाई से बचने वाले वाहन स्वामियों पर परिवहन विभाग की नजरें टेढ़ी हो गई हैं। अब सड़क किनारे और अन्य स्थानों पर खड़े वाहनों के प्रपत्र और फिटनेस की जांच होगी। कमियां मिलने पर वाहनों का चालान और सीज किए जाएंगे। विभाग ने इन वाहनों के खिलाफ प्रतिदिन जांच अभियान की रूपरेखा बनाई है। परिवहन आयुक्त ने भी इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
सड़क पर फर्राटा भर रहे वाहन परिवहन और पुलिस की नजर में रहते हैं। जांच अभियान में भी ओवरलोड, अधिक रफ्तार और नियमों की अनदेखी कर संचालित वाहन ही पकड़े जाते हैं। जबकि सड़क किनारे, घरों और प्रतिष्ठानों के पास खाली खड़े वाहन कार्रवाई से बच जाते हैं। इन वाहनों की जांच भी नहीं की जाती। परिवहन विभाग ने अब खाली खड़े वाहनों की जांच का प्लान बनाया है।
परिवहन आयुक्त चंद्रभूषण सिंह ने पत्र भेजकर सभी एआरटीओ को खाली खड़े वाहनों के प्रपत्रों, फिटनेस, प्रदूषण, बीमा व टैक्स आदि की जांच करने का निर्देश दिया है। प्रतिदिन तीन घंटे खाली खड़े वाहनों की जांच की जाएगी। एआरटीओ प्रशासन आलोक कुमार ने बताया कि खाली खड़े वाहनों के प्रपत्र, फिटनेस, परमिट की जांच की जाएगी।
हाईवे पर वाहनों की कतार, बेपरवाह जिम्मेदार
शहर में लालपुर बैरियर से राजापुर रेलवे क्रॉसिंग तक कई स्थानों पर ट्रक, डीसीएम और अन्य भारी वाहन खड़े रहते हैं। इनमें खाली वाहनों की संख्या अधिक होती है। हाईवे और सर्विस लेन पर खड़े यह भारी वाहन हादसे को भी दावत देते हैं। इनकी वजह से जाम की स्थिति भी बनती है। वाहन चालकों को समस्या का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा एलआरपी और छाउछ चौराहे पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के नीचे भी खाली वाहन खड़े रहते हैं। छोटे मालवाहन वाहन भी खड़े नजर आते हैं।