सदर कोतवाली के कंट्रोल रूम में सीसी टीवी देखते एसपी
लखीमपुर खीरी। शहर के प्रमुख चौराहे, सार्वजनिक स्थल, स्कूल-काॅलेज और अन्य महत्वपूर्ण स्थान सीसीटीवी कैमरों की नजर में हैं। शहर भर में 700 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सदर कोतवाली के कंट्रोल रूम से इनकी निगरानी होगी। कंट्रोल रूम से करीब 700 कैमरे जोड़े गए हैं।
मंगलवार को एसपी गणेश प्रसाद साहा ने सदर कोतवाली के कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि व्यापारियों व अन्य के सहयोग से कैमरे लगवाए गए हैं। अभी प्रमुख चौराहों व बैंक के कैमरों को जोड़ा गया है। अगली कड़ी में व्यापारिक प्रतिष्ठानों के बाहर लगे कैमरों के आईपी एड्रेस को भी जोड़ा जाएगा।
एसपी ने बताया कि थाना कोतवाली सदर से लगभग 700 सीसीटीवी कैमरे की मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम द्वारा की जा रही है। जनपद खीरी में पुलिस ने जन सहयोग से क्षेत्र में विभिन्न स्थानों जैसे मार्केट क्षेत्र के चौराहे और अन्य संदिग्ध जगहों, ज्यादा भीड़भाड़ और मुख्य चौराहे पर 6000 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं। अब क्षेत्र में बदमाशों पर 24 घंटे नजर रखना आसान होगा। इसके अलावा अपराध को रोकने में भी मदद मिलेगी। स्कूल में पढ़ने वाले छात्र एवं छात्राओं की सुरक्षा हो सकेगी। कहा कि सिंगाही में लूट की घटना का अनावरण भी सीसीटीवी कैमरे की वजह से हो सका है। समय के हिसाब से कैमरों की मॉनीटरिंग का रोस्टर बनाया गया है।