अवैध अस्पताल पर नोटिस चस्पा करती स्वास्थ विभाग की टीम
- अधीक्षक बोले पंजीकरण प्रपत्र न दिखाने पर होगी एफआईआर
संवाद न्यूज एजेंसी
सिकंदराबाद। सीएचसी अधीक्षक कुंभी एवं नायब तहसीलदार ने मंगलवार को कस्बे के निजी अस्पतालों पर छापा मारा। इस दौरान तमाम संचालक शटर गिराकर फरार हो गए। एक सप्ताह पहले जिन अस्पतालों को सीज किया गया था उनको नोटिस जारी कर प्रपत्र तलब किए गए हैं।
सीएचसी कुंभी अधीक्षक डॉ. गनेश प्रसाद ने बताया कि मंगलवार को नायब तहसीलदार के साथ कस्बे का निरीक्षण किया गया। इस दौरान गोला रोड एवं कस्ता रोड पर संचालित कई अस्पताल संचालक शटर गिराकर फरार हो गए है। इस पर पिछले सप्ताह जिन अस्पतालों को सीज किया गया था, उनको नोटिस देकर पंजीकरण प्रपत्र दिखाने के लिए कहा गया है।
अधीक्षक ने बताया कि तीन दिन में प्रपत्र न दिखाने पर संचालकों पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि जो लोग अस्पताल बंद कर भाग गए हैं, उनको चिह्नित कर कार्यवाही की जाएगी। कस्बे में अवैध अस्पताल का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान बीसीपीएम योगेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।