लखीमपुर खीरी। निरीक्षण के दौरान बिना मान्यता के चल रहे तीन विद्यालयों सहित दो कोचिंग सेंटर संचालकों को डीआईओएस ने नोटिस जारी किया है। नोटिस का जवाब मिलने के बाद तीनों विद्यालयों और दोनो कोचिंग संस्थान के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
डीआईओएस डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बीती 30 जुलाई को विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों पर छापा मारा गया था। निरीक्षण के दौरान मोहम्मदी के मुबारकपुर स्थित परशुराम इंटर कॉलेज और श्रीमती कमला देवी आदर्श विद्या निकेतन इंटर कॉलेज बिना मान्यता के चलते पाए गए। इसके अलावा भौनापुर के प्यारेलाल पटेल इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट तक की कक्षाएं चलती मिली जबकि मान्यता हाईस्कूल तक ही थी।
वहीं बेहजम में मितौली रोड स्थित कंपटीशन क्लासेज और फत्तेपुर में जय भोले गुरुकुल शिक्षण संस्थान के नाम से कोचिंग चलती मिली। इनके पास रजिस्ट्रेशन से संबंधी कोई भी दस्तावेज नहीं मिला। कहा कि इन सभी विद्यालयों और कोचिंग संस्थानों के संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। जवाब मिलने पर इन सभी संस्थानों के संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद