गोला गोकर्णनाथ। जाति प्रमाणपत्र जारी करने की मांग को लेकर घुमंतू समाज के लोगों ने शनिवार को तहसील परिसर में प्रदर्शन कर डीएम को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार काे सौंपा।
अपना दल एस के राष्ट्रीय सचिव और अनुसूचित जाति व जनजाति प्रकोष्ठ के अलीगढ़ मंडल प्रभारी नेम सिंह बहेलिया की अगुवाई में घुमंतू समाज के लोग तहसील पहुंचे। समाज के लोगों ने नायब तहसीलदार सर्वेश यादव को ज्ञापन सौंपकर बताया कि वे लोग भीख मांग कर अपना व अपने परिवार वालों का भरण पोषण करते हैं। बच्चों को स्कूल में दाखिला दिलाने व नौकरी आदि में जाति प्रमाणपत्र की जरूरत होती है। जाति प्रमाणपत्र के लिए आवेदन करने पर बताया जाता है कि घुमंतू समाज की जाति नियमावली में नहीं आती है, जबकि पूर्व में अनुसूचित जाति काे प्रमाणपत्र दिया है। इस मौके पर दीपक बड़ेरा, अमर सिंह, वीरेंद्र कुमार, मुकेश, संजय, जगदीश आदि क्षेत्र के तमाम लोग मौजूद रहे। संवाद