पसगवां/बरवर। एसडीएम डॉ. अवनीश कुमार ने मंगलवार की शाम बरवर नगर पंचायत की कान्हा गोशाला का निरीक्षण किया तो अनियमितताएं मिलीं। मौके पर न तो केयर टेकर मिला और न ही कोई अन्य व्यक्ति। चौकीदार भी सोता हुआ मिला। गोवंश के लिए हरा चारा व भूसा भी नहीं मिला। नाराजगी जाहिर करते हुए एसडीएम ने दो नियमित कर्मियों को निलंबित करने के आदेश दिए हैं।
एसडीएम के आकस्मिक निरीक्षण में पशुओं के ठंड से बचाव की कोई व्यवस्था नहीं दिखी, जबकि पिछले हफ्ते ही जूट के बोरों की व्यवस्था की गई थी। पशु सर्दी से ठिठुरते दिखे। वहीं मौके पर गोशाला में लगे पर्दे भी ठीक नहीं पाए गए। गंदगी का अंबार मिला। निरीक्षण के दौरान मौके पर गाय भी बीमार अवस्था में मिली, जिसके इलाज के लिए फौरन पशु चिकित्सक को बुलाया गया।
एसडीएम ने अव्यवस्था के संबंध में अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत बरवर से स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही निर्देशित किया है कि लापरवाही के लिए जिम्मेदार सभी पांचों केयरटेकर में नियमित सेवा के कर्मचारी जफर व हरिश्चंद्र को तत्काल निलंबित किया जाए। वहीं संविदा के तीन अन्य कर्मचारियों को हटाकर नए कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए।