लखीमपुर खीरी। ग्राम पंचायतों में सीसीटीवी लगाए जाने की ऑपरेशन त्रिनेत्र योजना को पिछले वर्ष हरी झंडी मिल गई थी, लेकिन अब तक कैमरा लगाने का काम शुरू नहीं हो सका। जेम पोर्टल से टेंडर निकाले गए थे, लेकिन किसी भी फर्म ने आवेदन नहीं किया। अब नए सिरे से ई-टेंडर निकाला जाएगा।
जनपद के 15 ब्लाकों में 1167 ग्राम पंचायतें हैं। सभी ग्राम पंचायतों में सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने हैं। इसके पीछे सरकार सरकार की मंशा गांवों में आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने सहित अन्य गतिविधियों पर नजर रखना है। सभी ग्राम पंचायतों में कैमरे लगने के बाद इनको जिला मुख्यालय पर कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा, जिससे कि हर ग्राम पंचायत में होने वाली गतिविधियों पर सीधी नजर रखी जा सके। इधर, विभागीय सूत्रों की माने तो कैमरा लगवाने के लिए जो शासनादेश आया है, उसमें कई तथ्य स्पष्ट नहीं हैं। यही वजह है कि किसी भी फर्म ने आवेदन नहीं किया।
गांवों में कैमरा लगवाने के लिए जेम पोर्टल से टेंडर मांगे गए थे, लेकिन कोई भी फर्म आगे नहीं आई। अब नए सिरे से ई-टेंडर निकाले जाएंगे। कैमरा लगवाने के लिए 10 फर्माें का चयन किया जाना है। उम्मीद है इस बार फर्मों का चयन हो जाएगा।
-सौम्यशील सिंह, डीपीआरओ