लखीमपुर खीरी। एसएफसी (आवश्यक वस्तु खाद्य निगम) के मंडलीय प्रबंधक (बरेली) संतोष कुमार मिश्रा ने बुधवार को बेहजम, मितौली और पसगवां ब्लॉक में एसएफसी के ब्लॉक गोदामों का निरीक्षण किया। इन गोदामों पर कोविड 19 से निपटने और रोकथाम के लिए कोई इंतजाम नहीं पाए गए, जिस पर मंडलीय प्रबंधक ने कड़ी नाराजगी जताते हुए गोदाम प्रभारियों को फटकार लगाई है। उन्होंने 48 घंटे के अंदर सभी ब्लॉक गोदामों पर सफाई, सैनिटाइजर, मास्क की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश गोदाम प्रभारियों को दिए हैं। साथ ही सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करने और कराने के निर्देश दिए। मंडलीय प्रबंधक ने बताया कि तीनों गोदामों का निरीक्षण करने के अलावा अन्य ब्लॉकों के स्टॉक का सत्यापन किया जाएगा। इसके लिए वह गुरुवार को भी कुछ और ब्लॉकों के गोदामों का निरीक्षण करेंगे। उन्होंने बताया कि तीनों ब्लॉकों में स्टॉक सही मिला है।