सिकंद्राबाद। थाना नीमगांव क्षेत्र में बने अस्थायी गोआश्रय स्थल से कुछ दूरी पर मिले पांच गोवंश पशुओं के अवशेष के मामले में दूसरे दिन भी लापरवाही करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अधिकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी न आने की बात कह रहे हैं।
गोआश्रय स्थल के निकट बृहस्पतिवार को खाली पड़ी जमीन पर पांच गोवंशीय पशुओं के अवशेष पड़े मिले थे। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी का कहना है कि जो डॉक्टर पोस्टमार्टम करते हैं, उन्हीं से कुछ पता चलेगा। उनके पास रिपोर्ट नहीं आती। बीडीओ गोला ने बताया कि अभी रिपोर्ट नहीं मिली है।
इनकी होती है जिम्मेदारी
गोआश्रय स्थल की जिम्मेदारी खंड विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी की होती है। पशु चिकित्सा अधिकारी को रोज बीमार जानवरों को दवा देनी पड़ती और जो नए जानवर होते हैं उनके टैग लगाने होते हैं। इसके अलावा ग्राम पंचायत अधिकारी की भी जिम्मेदारी देखरेख की होती है। यदि वह रोज वहां जाते तो वहां शव पड़े होने की जानकारी उन्हें होती। सबसे बड़ी जिम्मेदारी खंड विकास अधिकारी की होती है लेकिन वह भी कोई सही जवाब नहीं दे पा रहे हैं
बीडीओ बोले-नहीं मिला कोई फंड
बीडीओ गोला विमल कुमार श्रीवास्तव ने बृहस्पतिवार को घटनास्थल पर कहा था की यह गोआश्रय स्थल अभी अस्थायी है। इसके लिए फंड की डिमांड की गई है लेकिन अभी कोई फंड नहीं मिला है जबकि गोआश्रय स्थल के लिए जो भी पैसा मिलता है वह ग्राम निधि से मिलता है, फिर वे किस फंड का इंतजार कर रहे थे।
अभी पशुओं के अवशेष की पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है। रिपोर्ट आने में समय लगता है। रिपोर्ट आने के बाद उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-रत्नाकर मिश्रा, एसडीएम गोला