मितौली। मामूली विवाद में रविवार को लाठियों से पीट-पीटकर मामा की हत्या करने के आरोपी भांजे को पुलिस ने घटना में प्रयोग की गई लाठी सहित गिरफ्तार किया है। इस मामले में मृतक की पत्नी ने तीन लोगों को नामजद किया था।
मितौली थाना क्षेत्र के कचियानी पुरवा के रहने वाले 48 वर्षीय रामकुमार भार्गव की उनके भांजों ने ही रविवार को लाठियों से हत्या कर दी थी। रामकुमार व उनके भांजों का आसपास में ही मकान है। पड़ोसी प्रेमचंद विश्वकर्मा का अक्सर राम कुमार के यहां आया जाया करता था। इसी बात को लेकर रामकुमार व उनके भांजों में मनमुटाव था।
रविवार को जब फिर से प्रेमचंद, रामकुमार के यहां पहुंचा तो भांजों ने इसका विरोध किया था। इस पर वाद विवाद बढ़ गया था। भांजों ने रामकुमार को लाठियों से पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया था। इलाज के लिए लखनऊ ले जाते समय रास्ते में रामकुमार की मौत हो गई।
इस मामले में रामकुमार की पत्नी फूलमती ने मितौली थाने में दोपहर को ही रमाकांत, तन्नू व अंकित के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने मौत के बाद मुकदमे में धाराएं बढ़ाई थीं।
एसएचओ राजू राव ने बताया कि रामकुमार की हत्या के आरोपी रमाकांत को आलाकत्ल लाठी सहित बड़ागांव तिराहे से गिरफ्तार किया गया है। साथ ही अन्य नामजदों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।