लखीमपुर खीरी। मामा के घर से लौट रहे थाना खमरिया के ग्राम इसवारा निवासी युवक की वाहन की चपेट में आकर मौत हो गई। हादसा बैबहा पेट्रोल पंप के पास हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद श्रीप्रकाश ने बताया कि उसका भाई मायाराम (30) पुत्र शत्रोहन लाल निवासी इसवारा खमरिया अपने मामा के घर रसूलपुर गया था। वहां से बाइक से घर लौटते समय बैबहा पेट्रोल पंप के पास किसी वाहन की चपेट में आ गया। हादसे का पता चला तो ग्रामीणों की भीड़ लग गई। किसी ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस मायाराम को अस्पताल में भर्ती कराती, इससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत का पता चला तो परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, देर शाम पोस्टमार्टम के बाद पहुंचे शव का परिजनों ने अंतिम संस्कार करा दिया। पुलिस तहरीर का इंतजार कर रही है।
बाइक सवार पर ट्रक चढ़ाने की कोशिश, रिपोर्ट दर्ज
उचौलिया। थाना उचौलिया में बाइक सवार के ऊपर ट्रक चढ़ाने की कोशिश करने और मारपीट करने के आरोप में दो लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
गांव कोटरा निवासी संजीत सिंह सनी ने थाने में तहरीर दी कि शुक्रवार शाम पांच बजे वह और जीतू भार्गव गांव नगरा से लौट रहे थे। गांव मठ बालदेवता के पास रेलवे क्रॉसिंग के पास मठ बालदेवता निवासी सर्वेश गिरि और सूरज गिरि ने उनके ऊपर ट्रक चढ़ाने की कोशिश की। उन्होंने बाइक नीचे उतारकर जान बचाई। इसके बाद आरोपियों ने उनको गाली-गलौज कर लाठी-डंडों से मारा-पीटा और धारदार हथियार से मारने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद
कार की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत
मैगलगंज। कस्बे के बाईपास पर बने कट के पास तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत हो गई।
सीतापुर-बरेली नेशनल हाईवे पर शनिवार चार बजे के करीब कार और मोटर साइकिल में टक्कर हो गई, जिसमें अतुल कुमार (25) पुत्र रामभरोसे निवासी तुरकटिहा थाना मोहम्मदी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक अपनी बहन के घर गांव चौखड़िया थाना मैगलगंज आया था। अतुल कस्बे की तरफ से हाईवे पार कर गांव पहुंचता उससे पहले शाहजहांपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार से उसकी बाइक टकरा गई। हादसे में अतुल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कार सवार फरार हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर हाइवे से बाइक व कार हटवा कर यातायात सुचारु कराया। संवाद