मितौली। जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छह में प्रवेश के लिए होने वाली चयन परीक्षा 29 अप्रैल को होगी। जिले के 31 परीक्षा केंद्रों पर 13,330 बच्चे परीक्षा देंगे। परीक्षा सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक होगी।
जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य अजीत कुमार शुक्ला ने बताया कि परिषदीय और मान्यता प्राप्त स्कूलों में कक्षा पांच में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं से कक्षा छह में प्रवेश के लिए आवेदन मांगे गए थे। इसके लिए 13,330 बच्चों ने आवेदन किया था। जिले में 29 अप्रैल को होने वाली चयन परीक्षा के लिए जिले के 31 केंद्रों पर यह बच्चे परीक्षा देंगे। इसके लिए रमियाबेहड़ और मोहम्मदी ब्लॉक में 3-3, लखीमपुर सदर, नकहा, ईसानगर, धौरहरा, निघासन, मितौली, कुंभी गोला, बांकेगंज, बेहजम, बिजुआ, फूलबेहड़, पसगवां ब्लाक में 2-2 और पलिया में मात्र एक परीक्षा केंद्र बनाया है।
प्रधानाचार्य ने बताया कि चयन परीक्षा के लिए निघासन ब्लॉक में बने दो परीक्षा केंद्रों पर 1301 बच्चे परीक्षा देंगे। वहीं पलिया ब्लॉक में सबसे कम 491, लखीमपुर सदर के 2 केंद्रों पर 1163, कुंभी गोला के दो सेंटरों पर 945, मोहम्मदी के 3 परीक्षा केंद्रों पर 1236, नकहा के 2 सेंटरों पर 727, बांकेगंज के 2 सेंटरों पर 657, बेहजम ब्लॉक के 2 सेंटरों पर 816, मितौली के 2 परीक्षा केंद्रों पर 1134, ईसानगर के 2 सेंटरों पर 874, धौरहरा के 2 सेंटरों पर 702, बिजुआ के 2 सेंटरों पर 652, फूलबेहड के 2 सेंटरों पर 840, पसगवां के 2 सेंटरों पर 792, रमियाबेहड़ के 3 केंद्रों पर 1000 बच्चे परीक्षा में शामिल होंगे।