दिसंबर तक अस्पताल के हैंडओवर होने की है उम्मीद
खीरी सांसद ने ओयल स्टेशन को क्रासिंग स्टेशन बनवाने का दिया आश्वासन
खीरी सांसद ने बुुधवार को ओयल कस्बा क्षेत्र में बन रहे 200 बेड के बाल एवं महिला स्वास्थ्य चिकित्सालय का निरीक्षण किया और उसके निर्माण प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि इसके बन जाने से एक ओर जहां लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी वहीं लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। ओयल कस्बा की ग्राम सभा मोतीपुर जुलाहनपुरवा मे बन रहे दो सौ बेड के अस्पताल के निरीक्षण समय खीरी सांसद अजय मिश्रा टेनी ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रदेश में इस तरह के तीन अस्पताल मंजूर किए थे, जिसमें एक मथुरा, दूसरा कन्नौज और तीसरा ओयल का है। ठेकेदार ने सांसद को बताया कि अस्पताल का निर्माण कार्य अधिकतर पूरा हो चुका है, जल्द ही इसे हैंडओवर कर दिया जाएगा। सांसद ने कहा कि इसके निर्माण से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ ही रोजगार के मौके भी मिलेंगे। सांसद ने कहा कि ओयल रेलवे स्टेशन को क्रासिंग पास स्टेशन बनवाने के लिए प्रयास किया जा रहा है, जिसे लगभग मंजूरी मिल चुकी है। सीएमओ डॉ.जावेद अहमद ने बताया कि 86 करोड की लागत से एनएचएम से मैट्रेनटी अस्पताल का निर्माण हो रहा है और 69 करोड़ रुपये रिलीज हो चुके हैं। उन्होंने बताय कि करीब सत्तर प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और शेष कार्य दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। इस दौरान सांसद प्रवक्ता अंबरीष सिंह, जितेंद्र त्रिपाठी, संजय सिंह, प्रधान सोहित अवस्थी, एआरओ हंसराम वर्मा, नवरतन सिंह, सुभाया सरकार, जितेंद्र मिश्र, शर्मा प्रजापति, जगदीश नेता, राजेंद्र अग्निहोत्री, नीरज मिश्र, विद्यासागर त्रिपाठी करन सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।