पलियाकलां। पलिया-भीरा मार्ग पर अतरिया के आगे कटी पुलिया और सड़क की मरम्मत के बाद बुधवार को इस मार्ग पर दो और चार पहिया वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। बस और बड़े वाहनों का संचालन देर शाम तक शुरू नहीं हो सका। बसों का संचालन शुरू न होने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
पलिया-भीरा मार्ग पर मंगलवार की देर शाम एक तरफ की सड़क की मरम्मत कर एक चार पहिया वाहन निकालकर ट्रायल किया गया था। बुधवार सुबह से ही एक तरफ से वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई। जिस तरफ पानी निकल रहा था, उसके ऊपर भी मिट्टी आदि डालकर पटाई का कार्य पूरे दिन चलता रहा।
हालांकि, केवल एक तरफ ही मजबूती होने के चलते वाहनों को एक तरफ सड़क से ही निकाला गया। अतरिया क्रॉसिंग के आगे सड़क काफी कटी होने और सड़क किनारे रहने वाले अतरिया के ग्रामीणों द्वारा सड़क पर आशियाना बनाने के कारण बड़े वाहनों का इस मार्ग से संचालन बुधवार की देर शाम को भी नहीं शुरू हो सका था।
-
पुलिया के आगे सड़क पर चलता रहा तेज धार में पानी
बुधवार को भी अतरिया पुलिया के आगे सड़क पर करीब डेढ़ फुट पानी तेज बहाव के साथ बहता रहा। हालांकि दो और चार पहिया वाहन चालकों ने सावधानी पूर्वक अपने-अपने वाहनों को निकाला। कुछ बाइक सवार बाइकों को बंद कर पैदल ही पानी क्रॉस करते नजर आए।
-
कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गया है पलिया-भीरा मार्ग
पलिया-भीरा मार्ग बाढ़ के पानी से कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गया है। अतरिया क्रॉसिंग के आगे मोड़ व पंचायत भवन के सामने सड़क काफी टूट गई है और नाममात्र की सड़क यहां बची है, जिसपर केवल दो व चार पहिया हल्के वाहन ही निकल पा रहे हैं।
-
पुलिया पर कार्य लगातार जारी है। एनएचआई को तेजी से कार्य करने के निर्देश भी दिए गए हैं। फिलहाल हल्के वाहनों की आवाजाही हो रही है। अभी पानी का बहाव तेज है, ऐसे में वाहन चालकों को पलिया-निघासन मार्ग इस्तेमाल करने की अपील की जा रही है।
कार्तिकेय सिंह, एसडीएम पलिया