अलीगंज। कोतवाली गोला क्षेत्र के ग्राम सराय रमवापुर निवासी बाइक सवार की एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। वहीं उसका साथी गंभीर है। मृतक अमन अपनी बुआ के यहां से घर वापस लौट रहा था।
गांव निवासी शिवलाल का 24 वर्षीय पुत्र अमन सिंह अपने साथी 27 वर्षीय खैरूल के साथ अपनी बुआ के घर तिलक समारोह में धौरहरा गया था। बुधवार देर रात वापस आते समय अलीगंज रोड पर पेट्रोल पंप के पास उसकी बाइक किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। इसमें दोनों गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 112 डायल पुलिस दोनों को गोला सीएचसी ले गई, जहां डॉक्टरों ने अमन को मृत घोषित कर दिया।
उसके साथी खैरुल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे और अमन की मौत की सूचना पाते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।