गोला गोकर्णनाथ। पांच जून को सिनेमा रोड स्थित एक डॉक्टर के क्लीनिक पर युवक की मौत के मामले में मृतक की मां ने हत्या का संदेह जाहिर करते हुए कोतवाली में तहरीर दी है लेकिन पुलिस ने अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
मोहम्मदी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अमीननगर निवासी सगीर की कई साल पहले मौत हो चुकी है। उनके बेटे जकील खां की 5 जून की दोपहर सिनेमा रोड स्थित एक क्लीनिक में गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में संदिग्ध मौत हो गई थी। मृतक की मां रसीदन का कहना है कि उनका पुत्र मुंबई में सिलाई का कार्य करता था और 4 जून को ही वह गांव आया था। आरोप लगाया कि जब वह मुकदमा दर्ज कराने गई तो पुलिस ने तहरीर लेने से मना कर दिया। तहरीर बदलवाने का भी आरोप लगाया है। इससे पहले वह स्वस्थ था। मृतक के मोबाइल से घटना के कुछ समय पूर्व फोटो भी खींचे गए। रसीदन ने बेटे की मौत पर हत्या का संदेह व्यक्त करते हुए कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार दुबे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी नहीं आई है। तहरीर मिल गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।