लखीमपुरखीरी। आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य जिले में अभी पचास फीसदी ही पूरा हो पाया है। आधार से मोबाइल नंबर का लिंक न होना लक्ष्य प्राप्ति में सबसे बड़ी बाधा है।
जनपद में 21 लाख 43 हजार 521 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने का लक्ष्य है, लेकिन अभी तक मात्र 10 लाख 2000 ही लाभार्थियों के कार्ड बनाए जा चुके है। जिले में कई बार जागरूकता अभियान चलाए जा चुके हैं। इसके बावजूद आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य आगे नहीं बढ़ पा रहा है। आधार लिंक न होने पर मोबाइल नंबर पर ओटीपी नहीं आने से कार्ड नहीं बन पा रहे हैं।
यह समस्या विभागीय अफसरों के साथ ही लाभार्थियों के लिए चुनौती बनी हुई है। जबकि आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के लिए आधार से मोबाइल नंबर का लिंक होना जरूरी है। विभागीय अफसरों ने लाभार्थियों से अपील की है कि जिनका भी मोबाइल आधार से लिंक नहीं है, वह करा लें। आयुष्मान कार्ड के लिए जिले में आयुष्मान भव: अभियान चला था, लेकिन वह भी काम नहीं आया।
खुद बना सकते हैं आयुष्मान कार्ड
लाभार्थी अपना आयुष्मान कार्ड खुद भी बना सकता है। इसके लिए आयुष्मान कार्ड की ऑफिशियल वेबसाइट से लॉगिन कर beneficiary पर जाएं और आधार से लिंंक मोबाइल नंबर डालें। ओटीपी आने पर ई केवाईसी पर प्रेस करें। ओटीपी वेरीफाई करने के बाद authenticate ऑप्शन जाते ही पेज खुल कर आएगा। पेज के अंदर सदस्य को सेलेक्ट करने पर दोबारा ईकेवाईसी का आइकन दिखाई देगा। लाइव फोटो के लिए आइकॉन पर क्लिक करके फोटो खींचे। इसके बाद एडिशनल ऑप्शन का एक आवेदन दिखाई देगा, जो सही से भरकर सबमिट करें। कुछ ही समय बाद आयुष्मान कार्ड अप्रूव हो जाएगा, जिसको मोबाइल में डाउनलोड कर सकते हैं।
रोजी-रोटी के लिए बाहर चले गए हजारों परिवार
जिले में 31 जनवरी से नौ फरवरी तक आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जाने के लिए विशेष अभियान चला था। स्वास्थ्यकर्मियों को घर-घर जाकर लोगों के कार्ड बनाए जाने के लिए लगाया गया था। अभियान के दौरान काफी परिवार घर पर नहीं मिलें। पूछने पर पता चला कि वह रोजी-रोटी के लिए बाहर रहते है। जिले में ऐसे बहुत परिवार हैं, जो घर से बाहर होने की वजह से आयुष्मान योजना से वंचित हैं।