लखीमपुर खीरी। दूर बैठे लोगों को नजदीकी का एहसास कराने वाला मोबाइल पति-पत्नी के बीच विवाद का प्रमुख कारण बनता जा रहा है। महिला थाने में आने वाले आपसी विवाद के करीब 40 प्रतिशत मामलों में झगड़े का कारण मोबाइल पाया गया है।
पति को शक रहता है कि पत्नी मोबाइल पर किसी अन्य से बात करती है। पत्नी की शिकायतें भी पति के मोबाइल पर आने वाली कॉल को लेकर होती हैं। करीब 40 प्रतिशत मामलों में विवाद का कारण शराब भी है। महिला थानाध्यक्ष शकुंतला उपाध्याय के अनुसार, आपसी विवाद में अधिकांश शिकायतें मोबाइल और शराब से जुड़ी होती हैं। 20 फीसदी मामले अन्य समस्याओं से जुड़े होते हैं।
केस-1
पति करते हैं अपनी भाभी से बात
आपसी विवाद की शिकायत लेकर पहुंची पत्नी का कहना था कि पति अपनी भाभी से बात करता है। मिलने भी जाता है। पति का आरोप था कि पत्नी के माेबाइल कॉल रिकार्डिंग उसके पास है। वह किसी अन्य से बात करती है। काउंसिलिंग के बाद पत्नी ने मोबाइल न रखने की हामी भरी। दोनों साथ रहने को राजी हो गए।
केस-2
पड़ोस की महिला से बतियाते हैं पति
सदर कोतवाली के एक गांव निवासी महिला की शिकायत थी उसके पति, पड़ोस की महिला से मोबाइल पर बात करते हैं। विरोध किया तो पति और पड़ोसी महिला ने उसकी पिटाई कर दी। परिवार परामर्श केंद्र में पति-पत्नी दोनों को बुलाया गया। काउंसिलिंग की गई।
केस-3
शराब कर रही आपसी संबंध खराब
सदर कोतवाली के ही एक गांव की महिला के पति को नशे की लत है। कहना है कि शराब के नशे में आए दिन उसे मारते-पीटते हैं। उसकी दो संतानें भी हैं। शराब की वजह से परिवार टूटने की कगार पर पहुंच गया है। एक अन्य मामले में भी पति, शराब के नशे में अकर पत्नी से मारपीट करता। छोड़कर जाने की बात कहने पर खुद की जान देने की धमकी देता। परिवार परामर्श केंद्र पर दोनों की काउंसिलिंग की गई। इसी तरह पति-पत्नी के आपसी विवाद के कई अन्य मामलों में भी झगड़े का कारण शराब बनी।