लखीमपुर खीरी। शहर में शनिवार को मिशन शक्ति रैली निकाली जाएगी। इसके लिए शनिवार सुबह से शहर की प्रमुुख सड़कों पर रूट डायवर्जन लागू होगा। वाहनों को दूसरे रास्तों से निकाला जाएगा। डायवर्जन करीब दो घंटे रहेगा।
यातायात पुलिस की ओर से जारी रूट प्लान के अनुसार रैली सुबह 8.30 बजे कलक्ट्रेट से शुरू होकर सौजन्या तिराहे पर पहुंचेगी। लिहाजा इस रूट के वाहनों को गुरु गोविंद सिंह चौक से शहपुरा कोठी होकर निकाला जाएगा। सौजन्या से गुरु गोविंद सिंह चौक पहुंचने पर वाहनों को डीसी रोड और जेल की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
गुरु गोविंद सिंह चौक से हीरालाल धर्मशाला चौराहे पर रैली पहुंचने के समय इस रूट से आने वाले वाहनों काे जेल रोड होकर निकाला जाएगा। रैली के समय संकटा देवी चौकी से मेला मैदान और मेला मैदान से इमली तिराहे के बीच भी वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। मिश्राना से सदर चौराहे पर रैली पहुंचने के समय वाहनों को संकटा देवी और अस्पताल तिराहे की ओर भेजा जाएगा।