फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lakhimpur Kheri News: लापता युवक की हत्या, 30 घंटे बाद मिला शव, रिश्तेदार पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज

विज्ञापन
फाइल फोटो मृतक परमजीत
विज्ञापन
महेवागंज/फूलबेहड़। किसी का फोन आने के बाद रविवार दोपहर घर से निकले मजरा अटकोहना सलारपुर निवासी युवक का शव सोमवार देर रात सुंदरवल चौकी और राइस मिल के पास सड़क किनारे बरामद हुआ। शव के पास से उसकी बाइक और जेब से चाबी मिली है। परिजनों ने युवक की गोली मारकर हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाते हुए रिश्तेदार पर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार, गर्मी में युवक का शव सड़ने लगा था।
विज्ञापन

फूलबेहड़ के सिसौरा ग्राम पंचायत के मजरा अटकोहना सलारपुर निवासी परमजीत सिंह (22) पुत्र स्व. गुरमुख सिंह रविवार दोपहर बाइक लेकर घर से निकला था। शाम तक वह घर नहीं पहुंचा तो मां ने रिश्तेदारों को फोन किया और तलाश शुरू की। कहीं पता न चलने पर सोमवार को गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। सोमवार रात 10 बजे सुंदरवल में पुलिस चौकी के निकट राइस मिल के पीछे मार्ग पर दुर्गंध उठने पर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
शव किसी व्यक्ति का होने की जानकारी लगते ही भीड़ जमा हो गई। इस बीच परिजन भी पहुंच गए। परमजीत का शव देख चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने बताया कि रविवार को रिश्तेदार का बेटे बूटा सिंह ने परमजीत को फोन कर बुलाया था। इसके बाद से वह लौट कर घर नहीं आया। रात में उसका शव मिला। परिजन का आरोप है कि हमलावरों ने गोली मारकर उसकी हत्या की और शव फेंक कर भाग गए। सूचना मिलने पर एसपी गणेश प्रसाद साहा भी मौके पर पहुंचे। गहनता के साथ मुआयना किया। पुलिस अधिकारियों को घटना के खुलासे के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन


सूख चुका था शरीर का खून, पड़े थे फफोले

ग्रामीणों के मुताबिक, मृतक परमजीत सिंह के शरीर से निकला खून सूख चुका था। पूरे शरीर पर फफोले पड़े थे। सर, गर्दन, हाथ में जख्म थे। शव के पास में शराब की बोतलें, सिरिंज पड़ी थी। पास में ही बाइक लाॅक करके खड़ी थी। फूलबेहड़ प्रभारी निरीक्षक आलोक धीमान ने बताया कि मृतक के शव में कीड़े पड़ गए थे। मौत कैसे हुई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा। मृतक के फुफेरे भाई के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

मां के जीने की आखिरी उम्मीद भी बुझी
मृतक परमजीत सिंह मां मंदीप कौर के जीने का एक मात्र सहारा था। मां मंदीप कौर ने बताया कि 20 साल पहले उनके पति गुरमुख सिंह की मौत हो गई थी। अब बेटे ने भी दुनिया छोड़ दी। दुनिया के दुख दर्द सहते हुए बेटे परमजीत और छोटी बेटी दलप्रीत कौर की परवरिश कर पढ़ाया-लिखाया था। दो वर्ष पहले बेटी दलप्रीत कौर की शादी मैलानी के ग्रंट नं. 10 निवासी युवक से की थी। इसके बाद से वह अकेले रह गए बेटे के सहारे ही जीवन काट रहीं थीं। पिता की ढाई एकड़ जमीन पर बेटा खेती करता और घर पर ही रहता था।

एक फोन आया और बाइक लेकर चला गया परमजीत
मृतक की मां मंदीप कौर रोते हुए बताती हैं कि रविवार तीन बजे के करीब बेटा घर पर ही था। अचानक किसी का फोन आया। परमजीत बाइक लेकर चला गया। मां के पूछने पर बसैगापुर चौराहे तक जाने की बात कही। बहन दलप्रीत ने बताया कि रविवार सुबह भाई से बात हुई थी। शाम चार बजे मां का फोन आया कि भाई का फोन नहीं उठ रहा।

कई बिंदुओं पर जांच कर रही पुलिस
परमजीत की हत्या की गुत्थी उलझी है। फुफेरे भाई के फोन पर वह आननफानन में घर से निकला था। घटनास्थल से शराब की बोतलें और सिरिंग का मिलना भी कई सवाल खड़े कर रहा है। ग्रामीण, ढाई एकड़ जमीन को लेकर भी चर्चा कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस कई बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


गुमशुदगी दर्ज थी। शव से तेज दुर्गंध निकल रही थी। शव पर गोली या हथियार के कोई स्पष्ट निशान नहीं दिखे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही स्थिति स्पष्ट होगी। एक रिश्तेदार युवक पर हत्या का आरोप है। रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। वजह भी अभी कुछ साफ नहीं है। - पीपी सिंह, सीओ धौरहरा

फाइल फोटो मृतक परमजीत

फाइल फोटो मृतक परमजीत

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें