करसौर में प्रभारी मंत्री के आने की राह देखते ग्रामीण संवाद
बिजुआ। प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल के आने की सूचना पर जुटे करसौर गांव के बाढ़-कटान पीड़ितों को मायूसी हाथ लगी। प्रभारी मंत्री का काफिला पूजागांव अषाढ़ी से ही वापस हो गया।
बिजुआ ब्लॉक के गांव करसौर में शुक्रवार को जिले के प्रभारी मंत्री नितिन अग्रवाल का कार्यक्रम लगा था। प्रभारी मंत्री के आने की सूचना पर ग्रामीण जमा हो गए। कार्यक्रम सुबह 11 बजे था। ग्रामीण सुबह से धूप में खड़े होकर मंत्री के आने का इंतजार करते रहे। 12 बजे पता चला कि प्रभारी मंत्री का कार्यक्रम निरस्त हो गया है। यह सुनकर लोग मायूस लौट गए।
बताया गया कि बाढ़ चौकी पूजागांव आषाढ़ी में बाढ़ राहत किट वितरित करने के बाद प्रभारी मंत्री का काफिला वापस लखीमपुर की तरफ चला गया। करसौर में मौजूद सुरेश यादव, मनोज कुमार, पुनीत यादव, राजाराम, सरोज कुमार, सियाराम, रामजीवन, मर्रो देवी, अमन यादव, अखिलेश यादव, नीरज बबलू आदि ने बताया कि मंत्री के न आने से वे लोग निराश हुए। उधर,दो दिन कटान करने के बाद अब करसौर में कटान की गति धीमी हुई है।