पिपरिया धनी। सहायक आयुक्त औषधि रमाशंकर के नेतृत्व में लखनऊ से आई टीम ने गांव मझिगवां में बिना लाइसेंस के संचालित हो रहे मेडिकल स्टोर पर गुरुवार को छापा मारा, जहां पर प्रतिबंधित ऑक्सीटोसिन समेत कई दवाएं बेची जा रहीं थीं। टीम ने ऑक्सीटोसिन का नमूना भरा है। साथ ही टीम ने प्रतिबंधित दवाओं सहित स्टॉक को सीज कर दिया है। मझिगवां गांव में ममरी रोड पर वीरेंद्र यादव मेडिकल स्टोर चलाकर प्रतिबंधित दवाएं बेच रहे थे। इसकी सूचना किसी ने मोबाइल से अधिकारियों को दी थी। इस पर सहायक आयुक्त औषधि रमाशंकर के निर्देशन में औषधि निरीक्षक रायबरेली दीपक शर्मा, औषधि निरीक्षक सीतापुर नवीन कुमार, औषधि निरीक्षक लखीमपुर सुनील कुमार रावत ने पुलिस बल के साथ छापा मारा। जांच में करीब 20 हजार रुपये कीमत की दवाएं मिली। प्रतिबंधित ऑक्सीटॉसिन के 195 एंपुल, बहुत मात्रा में अल्प्राजोलम सहित अन्य प्रतिबंधित दवाएं मिली हैं। औषधि निरीक्षक सुनील कुमार रावत ने बताया कि यह मेडिकल स्टोर बिना लाइसेंस के डेढ़ साल से गुपचुप तरीके से संचालित किया जा रहा था। सूचना के आधार पर यहां छापामार मेडिकल स्टोर को सीज किया गया है। जल्द ही आरोपी दुकानदार के खिलाफ सक्षम न्यायालय में मुकदमा दायर किया जाएगा। इस मौके पर रेहरिया चौकी इंचार्ज मनीष कुमार पाठक भी मौजूद रहे।