धौरहरा। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में धर्मांतरण का मामला सामने आया है। एक गांव की 18 वर्षीय युवती के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया उसकी पुत्री को दूसरे संप्रदाय का एक युवक बहला-फुसलाकर ले गया और धर्म परिवर्तन कर विवाह कर लिया। मामले में पुलिस ने धारा 366 के साथ धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
युवती के पिता ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी चार मई की रात अपनी ससुराल से मायके आई थी। 18 वर्षीय विवाहिता युवती को दूसरे संप्रदाय के युवक ने बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तित करके विवाह करने के लिए राजी कर लिया। युवक उसे बहला फुसलाकर ले गया। युवती के पिता की तहरीर पर लहबड़ी निवासी सालिम के खिलाफ धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस का कहना है कि जांच पड़ताल के लिए टीमें लगाई गई हैं। प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार उपाध्याय ने बताया कि धर्म परिवर्तन जैसी अभी किसी भी बात को स्पष्ट रूप से नहीं कहा जा सकता है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।