छह राज्यों में बढ़ाया जिले का मान, ग्रामीण क्षेत्र मैगलगंज और गोला के हैं दोनों मेधावी
अमर उजाला फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा 2016 में जिले के दो मेधावियों ने बाजी मारी है। यह परिणाम छह राज्यों के चयनित छात्रों का आया, जिसमें दोनों छात्र ग्रामीण इलाके से हैं। कक्षा 11वीं 12वीं के वर्ग में मैगलगंज क्षेत्र स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज चौखड़िया के छात्र रजत पांडे तो गोला गोकर्णनाथ के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रखर दीक्षित ने कक्षा नौ और 10 के वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जिससे दोनों कॉलेज में खुशी का माहौल है। शिक्षकों ने विजेताओं का मुंह मीठा कराकर हर्ष व्यक्त किया है। इनमें रजत को 50 हजार की और प्रखर को 30 हजार की छात्रवृत्ति मिलेगी। चौखड़िया स्थित विद्यालय के प्रधानाचार्य श्याम मनोहर शुक्ला ने कवि और अध्यापक श्रीकांत सिंह को बुलाकर रजत की सराहना की। उसके बाद दोनों लोगों ने उसे मिठाई खिलाई। इस मौके पर छात्र के पिता राजीव कुमार पांडे भी मौजूद रहे। उधर गोला स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मोहन कुमार तायल ने हर्ष व्यक्त कर कहा कि प्रखर ने छह राज्यों में प्रदेश, जिला, नगर और कॉलेज का नाम रोशन किया। उन्होंने प्रतियोगिता आयोजन के लिए अमर उजाला का आभार व्यक्त करते हुए सफल परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य का मानना है कि प्रखर को मिलने वाली छात्रवृत्ति से उसका भविष्य और चमक जाएगा। उन्होंने प्रखर समेत पूरे स्टाफ को मिठाई खिलाई।