लखीमपुर खीरी। शहर के कई मोहल्लों में जल निकासी के इंतजाम नहीं है। यहां नाली भी नहीं बनी। वहीं, हिदायतनगर-प्यारेपुर में नगर पालिका की ओर से दूसरा नाला बनाया जा रहा है, जबकि यहां पर पहले से ही पानी निकासी के लिए नाला और सड़क किनारे नाली बनी है। दूसरा नाला बनवाने को लेकर सभासद और अन्य लोगों ने विरोध जताया। लिखित शिकायत भी नगर पालिका को दी है।
मोहल्ला प्यारेपुर में हासिम, मुशीर, अफसर आदि के घर और प्लॉट के पास से नगर पालिका ने नाला निर्माण शुरू कराया है। सड़क किनारे और निजी प्लॉट में नाला खोदा गया। रोड़े भी आ गए, जबकि यहां सड़क के दूसरी साइड में पानी निकास के लिए बड़ा नाला पहले से बना है। जिस ओर नगरपालिका नाला बनवा रही है, उधर भी नाली बनी है।
आवश्यकता न होने के बाद भी कराए जा रहे काम की शिकायत प्यारेपुर के सभासद बरकत अली ने नगरपालिका में की है। हासिम, मुशीर आदि ने भी विरोध जताया है। सभासद ने अपने पत्र में नाले की जरूरत न होने की बात कही है। पालिका के जेई अमरदीप ने बताया कि पुराने प्रस्ताव पर नाला स्वीकृत हुआ है। अगर पालिका की ओर से टेंडर निरस्त होने का आदेश होता है, तो काम बंद करा दिया जाएगा।
इन मोहल्लों की जलनिकासी व्यवस्था से पालिका बेखबर
शिवकॉलोनी, गंगोत्रीनगर, हिदायतनगर, थरवरनगंज, शिवपुरी, बेगमबाग आदि मोहल्लों में जलनिकासी की समस्या है। नौरंगाबाद मोहल्ले के कुछ हिस्से में भी जलनिकासी की व्यवस्था नहीं है। शिव कॉलोनी में कई स्थानों पर नाली की जरूरत है। जरा सी बारिश में गली तालाब बन जाती है। कई दिन तक समस्या रहती है। यही हाल गंगोत्रीनगर का है। यहां जलनिकासी न होने से कई जगहों पर पानी सड़क पर ही भरा रहता है। नगरपालिका ने इन मोहल्लों की समस्या के समाधान की बात नहीं सोची। एक नाला और नाली होने के बाद भी प्यारेपुर में नया नाला निर्माण चर्चा में है।
मोहल्ला हिदायत नगर में जरूरत पर भी नहीं बनाई जा रही नाली व सड़क। संवाद