अमृत भारत स्टेशन योजना में मंडल केे तीस स्टेशनों में हुआ है इनका चयन
- ये तीनों स्टेशन जल संरक्षण, एलईडी लाइट, अच्छी प्रकाश व्यवस्था, एक्सेलरेटर से सुसज्जित नजर आएंगे
मैलानी। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत मंडल के तीस स्टेशनों में मैलानी, गोला, लखीमपुर का भी चयन हुआ है। चरणबद्घ तरीके से विकसित होने के बाद जल्द ही आने वाले दिनों में ये तीनों स्टेशन काफी आकर्षक और आधुनिक सुविधाओं से लैस नजर आएंगे।
सोमवार को मैलानी पहुंचे एनई रेलवे के जीएम चंद्र वीर रमण ने अमृत भारत स्टेशन योजना में चयनित होने की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत मास्टर प्लान तैयार कर अगले पचास सालों की जरूरत को लेकर स्टेशनों का नवीनीकरण कर हर तरह की यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
स्टेशन पर जल संरक्षण, एलईडी लाइटें, अच्छी प्रकाश व्यवस्था, ग्रीनरी, स्टेशन जाने वाली संकरी सड़कों का चौड़ीकरण करने के साथ ही जहां जरूरत होगी, वहां लिफ्ट, एक्सेलरेटर आदि के इंतजाम किए जाएंगे। स्टेशनों पर रूफ प्लाजा और यात्रियों के बैठने के लिए अच्छा स्थान यानी कॉनकोर एरिया बनाया जाएगा। वाहन पार्किंग की भी बेहतरीन व्यवस्था होगी। स्टेशनों पर वाईफाई की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
स्टेशन के चारों ओर खुला स्थान छोड़ा जाएगा, ताकि दूर से ही रेलवे स्टेशन एयरपोर्ट जैसा दिखाई दे। दोनों प्रवेश द्वारों को डेवलप किया जाएगा। इसके लिए चरणबद्घ ढंग से काम शुरू होगा। स्टेशन इस तरह से विकसित किए जाएंगें कि वह शहर का मुख्य केंद्र बिंदु हो, उनका लुक अलग और आकर्षक दिखाई दे। यही नहीं स्टेशन के सर्कुलेेटिंग एरिया में घुसने पर यात्रियों को एयरपोर्ट जैसा अहसास हो।
क्या है अमृत भारत स्टेशन योजना
मैलानी। रेलवे बोर्ड की ओर से शुरू की गई अमृत भारत स्टेशन योजना का मुख्य उद्देश्य देश भर के करीब एक हजार छोटे और महत्वपूर्ण स्टेशनों का आधुनिकीकरण, नवीनीकरण कर उनकी सुविधाओं में वृद्घि करना है। योजना के तहत निर्णय लेने का अधिकार डीआरएम को दिया गया है।
अमृत भारत योजना के तहत जिले के मैलानी, गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर सहित मंडल केे तीस स्टेशनों का चयन अमृत भारत योजना के तहत हुआ है। आने वाले दिनों में चयनित स्टेशनों का नजारा पहले से और अधिक खूबसूरत, आधुनिक बदला हुआ नजर आएगा।
- महेश गुप्ता, जनसंपर्क अधिकारी, लखनऊ मंडल