लखीमपुर खीरी के एकमात्र जंक्शन मैलानी सहित गोला गोकर्णनाथ और लखीमपुर रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के लिए चयन हुआ है। इन स्टेशनों को चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा। आने वाले दिनों में ये तीनों रेलवे स्टेशन एकदम अलग और आकर्षक नजर आएंगे।
सोमवार को मैलानी पहुंचे एनई रेलवे के जीएम चंद्र वीर रमण ने अमृत भारत स्टेशन योजना में चयनित होने की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत मास्टरप्लान तैयार कर अगले 50 वर्षों की जरूरत को लेकर स्टेशनों का नवीनीकरण कर हर तरह की यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
स्टेशन पर जल संरक्षण, एलईडी लाइटें, अच्छी प्रकाश व्यवस्था, ग्रीनरी, स्टेशन जाने वाली संकरी सड़कों का चौड़ीकरण करने के साथ ही जहां जरूरत होगी, वहां लिफ्ट, एक्सलेटर आदि के इंतेजाम किए जाएंगे। स्टेशनों पर रूफ प्लाजा और यात्रियों के बैठने के लिए अच्छा स्थान कॉनकोर एरिया बनाया जाएगा।
वाईफाई की सुविधा भी होगी
वाहन पार्किंग की बेहतरीन व्यवस्था होगी। स्टेशनों पर वाईफाई की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। स्टेशन के चारों ओर खुला स्थान छोड़ा जाएगा, ताकि दूर से ही रेलवे स्टेशन दिखाई दे और स्टेशन का लुक एयरपोर्ट जैसा दिखलाई दे। दोनों प्रवेश द्वारों को डेवलप किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन स्टेशनों को चरणबद्ध ढंग से विकसित किया जाएगा स्टेशन इस तरह से विकसित किए जाएंगे, जिससे वह शहर का मुख्य केंद्रबिंदु हों, उनका लुक अलग और आकर्षक दिखाई दे। यही नहीं स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में घुसने पर यात्रियों को एयरपोर्ट जैसा अहसास हो।
क्या है अमृत भारत स्टेशन योजना
रेलवे बोर्ड की ओर से शुरू की गई अमृत भारत स्टेशन योजना का मुख्य उद्देश्य देश भर के करीब एक हजार छोटे और महत्वपूर्ण स्टेशनों का आधुनिकीकरण, नवीनीकरण कर उनकी सुविधाओं में वृद्धि करना है। योजना के तहत निर्णय लेने का अधिकार डीआरएम को दिया गया है।
लखनऊ मंडल के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि अमृत भारत योजना के तहत जिले के मैलानी, गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर सहित मंडल के 30 स्टेशनों का चयन अमृत भारत योजना के तहत हुआ है। आने वाले दिनों में चयनित स्टेशनों का नजारा पहले से और अधिक खूबसूरत, आधुनिक बदला हुआ नजर आएगा।