संपूर्णानगर। कस्बा के पब्लिक इंटर कॉलेज के खेल मैदान में शुरू हुए अमर शहीद भगत सिंह स्मारक क्षेत्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट में दूसरे दिन महंगापुर और संपूर्णानगर की टीम ने अगले दौर में जगह बनाई।
दूसरे दिन मुख्य अतिथि समाजसेवी डॉ. आईए खान ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच की शुरूआत कराई। पहला मैच महंगापुर और पलिया के बीच हुआ। इसमें पहले बल्लेबाजी करते हुए महंगापुर की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में छह विकेट खाकर 118 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी पलिया की टीम 110 रनों पर ऑलआउट हो गई। दूसरा मैच बमनगर और संपूर्णानगर के बीच हुआ। इसमें बमनगर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
संपूर्णानगर की घातक गेंदबाजी के आगे पूरी बमनगर की टीम 35 रनों पर ढेर हो गई। जवाब में खेलने उतरी संपूर्णानगर टीम ने दूसरे ओवर में ही बिना विकेट खोए लक्ष्य हासिल कर दस विकेट से जीत दर्ज की। समाजसेवी डॉ. आईए खान ने खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार देने के साथ ही एक टीशर्ट भी देने की घोषणा की। निर्णायक की भूमिका ऋषि बेनिपाल तिवारी ने निभाई। इस दौरान भारी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।