लखीमपुर खीरी। जुलाई में कम कमाई होने पर लखीमपुर डिपो की कई बसों के परिचालकों को नोटिस थमाया गया है। आठ चालक-परिचालकों पर जुर्माना भी लगाया गया है। एआरएम ने 60 फीसदी से कम लोड फैक्टर (सवारी) पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। प्रत्येक ठहराव से सवारियाें को वैठाने का निर्देश भी जारी किया।
लखीमपुर डिपो में 100 अनुबंधित बसें संचालित हैं। प्रत्येक बस को निर्धारित सीट क्षमता के सापेक्ष राजस्व जुटाने का लक्ष्य होता है। बसें एक दिन में कितने किलोमीटर का तय करेंगी, यह भी तय होता है। निर्धारित सफर के हिसाब से लोड फैक्टर निकाला जाता है। जुलाई में डिपो को काफी कम राजस्व प्राप्त हुआ। कई बसों की कमाई 60 प्रतिशत से भी कम रही। कुछ बसों ने अच्छा राजस्व जुटाया।
कुछ बसें सिर्फ 50 फीसदी का आंकड़ा ही पा सकीं। कुछ की कमाई इससे भी कम रहीं। निर्धारित किलोमीटर का सफर पूरा कर कम राजस्व जुटाने वाले बस चालक-परिचालकों को एआरएम मुकेश कुमार ने चेतावनी नोटिस दी है। कहा कि कम लोड फैक्टर जुटाने के कारण डिपो की आय में लगातार गिरावट आई है। सभी ठहराव से सवारियों को वैठाने और 60 फीसदी से कम आय न हो।
50 प्रतिशत से कम राजस्व जुटा सकीं 25 बसें
एआरएम ने बताया कि करीब 25 बसाें का लोड फैक्टर 50 फीसती से भी कम रहा है। कम राजस्व जुटाने वाले 15 परिचालकों को चेतावनी नोटिस दिया गया है। सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले आठ चालक-परिचालकों दो-दो सौ रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। बताया कि राजस्व के साथ डिपो की बसों की नियमित रूप से जांच की जा रही है। बसों में साफ-सफाई को लेकर भी चालक-परिचालकों को हिदायत दी गई है। यूनीफार्म में ही बस संचालन करने को कहा गया है। यात्रियों से अच्छा व्यवहार करने की सीख भी दी गई।