निघासन में उदघाटन मैच के विजयी खिलाड़ियों को पुरस्कृत करते मुख्य अतिथि
निघासन। शत्रुघ्न प्रसाद वर्मा, स्नेह लता वर्मा मेमोरियल नाक आउट क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच लोधपुरवा और पलिया के बीच खेला गया। इसमें लोधपुरवा ने पलिया को 73 रन से हराकर उद्घाटन मैच जीत लिया। टूर्नामेंट का उद्घाटन डॉ. धीरेंद्र वर्मा ने किया।
रामाधीन इंटर कॉलेज के ग्राउंड पर लोधपुरवा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। लोधपुरवा की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में सात विकेट खोकर 170 रन बनाए। इसमें विराट की 38 गेंदों पर 100 रन शामिल हैं। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पलिया की टीम शुरू से ही लड़खड़ा गई। ओपेनर रवी केवल एक रन बनाकर 21 के स्कोर पर आउट हो गए।
पलिया की तरफ से शेखर ने सर्वाधिक 44 रन का योगदान किया। बाकी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार कर सके। पलिया की टीम बारहवें ओवर में 97 रन पर ही सिमट गई। इस प्रकार लोधपुरवा ने 73 रनों से उद्घाटन मैच जीत लिया। लोधपुरवा की तरफ से नौशाद और यासिर ने अच्छी गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट झटके। टूर्नामेंट का उद्घाटन पूर्व सीएचसी अधीक्षक डॉ धीरेंद्र वर्मा ने किया। अच्छे प्रदर्शन के लिए विराट को मैन आफ द मैच चुना गया। एमपायर संतोष कश्यप, मोबीन खान, कमेटी सदस्य अनुज जायसवाल, राधेश्याम, राहुल, अनुज सिंह , अतीक बाबू , मुकेश गुप्ता, अफसर अंसारी आदि मौजूद रहे