मझगईं। पलिया-निघासन मार्ग से बल्लीपुर जाने वाली सड़क पर ग्रामीणों ने तेंदुआ को देखा तो दहशत फैल गई है। सूचना पर वनकर्मी मौके पर पहुंचे, तब तक तेंदुआ गन्ने के खेत में छिप गया। वन विभाग टीम ने ग्रामीणों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
शनिवार की देर शाम बल्लीपुर जाने वाली रोड पर गन्ना क्रय केंद्र के पास सड़क पर तेंदुआ टहलता हुआ दिखा। उन्होंने मझगईं रेंज को सूचना दी। रेंजर अंकित, वन दरोगा मनोज यादव, फॉरेस्ट गार्ड भूपेंद्र सिंह और वाचर कलाम आदि पहुंचे और मौका मुआयना किया। ग्रामीणों की मानें तो काफी देर तक तेंदुआ मार्ग पर रुका रहा। बाद में रामकुमार के गन्ने में खेत में छिप गया।
उधर, कब्रिस्तान के पास रात करीब नौ बजे बाघ का जोड़ा दिखाई देने की बात ग्रामीणों ने बताई है। ग्रामीणों के मुताबिक तीन दिन से हिंसक वन्यजीव खेतों और मार्गों पर आ रहे हैं, जिससे वह खेतों की तरफ नहीं जा पा रहे हैं। रेंजर अंकित सिंह ने बताया कि उनके फालोवर ने देखा था। तेंदुआ है, बाघ नहीं है। पार्क का जंगल करीब होने से तेंदुए बाहर आ रहे हैं और फिर वापस जा रहे हैं। लोगों से सतर्क रहने को कहा है।