संपूर्णानगर। ग्राम सेमरी निवासी हरिहर, सुमेरपुर गांव स्थित बगिया के पास गन्ने की छिलाई कर रहे थे। इसी बीच खेत में पहले से घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक हरिहर के सिर पर हमला कर दिया। हरिहर ने काफी देर उससे संघर्ष किया और लहूलुहान हो गए। चीख पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण लाठी डंडे लेकर मौके पर दौड़े। इसके बाद हमलावर तेंदुआ वहां से भाग निकला। वन रेंज की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वन विभाग के कर्मियों ने घायल मजदूर को तुरंत इलाज के लिए पलिया भिजवाया। वन क्षेत्राधिकारी ललित कुमार ने बताया कि तेंदुए के हमले में घायल मजदूर को उपचार के लिए भेज दिया गया है। संवाद