लखीमपुर खीरी। शहर से सटे फतेहपुर सैधरी निवासी महिला ने मिश्राना चौकी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि मारपीट करने वाले आरोपियों पर कार्रवाई के बजाय पुलिस पीड़िता को ही धमका रही है। एसपी ने सीओ सदर से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है। वहीं कोतवाली प्रभारी ने अभिज्ञता जताई है।
फतेहपुर सैधरी निवासी सपना पत्नी राजकुमार ने एसपी दफ्तर में दिए शिकायती पत्र में बताया कि 25 जून को वह घर के पीछे बने शौचालय से आ रही थीं, तभी हमलावरों ने उसे पीटा। गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने शिकायत चौकी पुलिस से की। कोतवाल और एसपी से भी मिली थीं।
आरोप है कि उच्च अधिकारियों से शिकायत करने पर मिश्राना चौकी का एक सिपाही नाराज हो गया और हमलावरों के पक्ष में पीड़िता का उत्पीड़न शुरू कर दिया। उसे और उसके पति को जेल भेजने की धमकी दी जा रही है। बृहस्पतिवार को पीड़िता ने दोबारा एसपी दफ्तर में शिकायतीपत्र दिया। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ सिटी से पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट भेजने को कहा है। संवाद