लखीमपुर खीरी। लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस की ऑनलाइन प्रक्रिया अब और आसान हो गई है। आनलाइन टेस्ट पास करने के बाद लर्निंग लाइसेंस अपने आप जारी हो जाएगा। आवेदक कुछ घंटे बाद ही लर्निंग लाइसेंस डाउनलोड कर सकते हैं।
इससे पहले एआरटीओ के अप्रूवल के बाद जारी होता था। नई व्यवस्था से बाहरी व्यक्तियों का दखल भी कम होगा। एआरटीओ प्रशासन आलोक कुमार ने बताया लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। आवेदक को कार्यालय आने की जरूरत नहीं है। टेस्ट पास करते ही लर्निंग लाइसेंस अपने आप एप्रूव हो जाएगा।
झांसे में न आएं, घर बैठे लर्निंग लाइसेंस बनवाएं
एआरटीओ प्रशासन ने बताया कि आवेदकों को किसी के बहकावे में आने की जरूरत नहीं है। मोबाइल या कंप्यूटर से घर बैठे लर्निंग लाइसेंस का आनलाइन आवेदन करें। ऑनलाइन टेस्ट पास करते ही लाइसेंस बन जाएगा। बताया कि प्रतिदिन 45 से 50 लर्निंग लाइसेंस के आवेदन फार्म भरे जा रहे हैं।
यह है लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया
परिवहन विभाग की वेबसाइट पर जाकर आधार ई-केवाईसी के जरिये आनलाइन आवेदन फार्म भरें। इसके साथ संबंधित दस्तावेज अपलोड करें। आवेदन में सिर्फ अपना मोबाइल नंबर ही दर्ज करें। लर्निंग लाइसेंस की निर्धारित फीस भी आनलाइन जमा करें। फीस जमा होने के बाद फार्म की स्कूटनी होती है। इसके बाद आवेदक के मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आता है। इसके बाद निर्धारित अवधि में टेस्ट देना होता है।
खत्म होगा दलालों का दखल
लर्निंग लाइसेंस की आनलाइन प्रक्रिया ने दलालों के दखल को कम कर दिया है। अगर आवेदक किसी दलाल के चक्कर में न पड़े तो लर्निंग लाइसेंस नियमानुसार और निर्धारित समय में आवेदक के पास होगा। स्वत: अप्रूवल से लाइसेंस बनवाना और आसान हो गया है।