खमरिया। थाना खमरिया के बैबहा गांव में शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे तेंदुए ने एक लंगूर को मार डाला।
ओम प्रकाश यादव के गांव के बाहर एक बंगला है। इसमें गाय और भैंस पली हुई हैं। बंगले के पास ही लाही का खेत है। खेत में जामुन के पेड़ से लंगूर बंधा था। शुक्रवार सुबह तेंदुए ने उसपर हमला कर दिया। हमले की आहट से गृह स्वामी जाग गए। उन्होंने देखा कि तेंदुआ लंगूर को खा रहा है। हो हल्ला करने पर ग्रामीण एकत्र हो गए तो तेंदुआ गन्ने के खेत में घुस गया। बताया जाता है कि यह लंगूर करीब पांच साल पहले बंदरों को भगाने के लिए लाया गया था।
तेंदुए द्वारा लंगूर का शिकार किए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लंगूर का शव मिट्टी में दफन कर दिया। वन विभाग के डिप्टी रेंजर विजय प्रताप सिंह ने मौके पर जाकर जांच की। उन्होंने ग्रामीणों को सलाह दी है कि समूह बनाकर ही खेत जाएं। बच्चों को इधर-उधर ना घूमने दें।