एसएसबी का 59वां स्थापना दिवस शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया। तृतीय वाहिनी कैम्प में एसएसबी की वर्षगांठ परेड की सलामी लेने के बाद केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि पीएम मोदी सीमाओं की सुरक्षा के प्रति बेहद गंभीर हैं।
शुक्रवार को एसएसबी तृतीय वाहिनी लखीमपुर के परिसर में तय समय सुबह 6 बजे से ही सभी कार्यक्रम शुरू हुए। कार्यक्रम में पधारे मुख्य अतिथि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय व विशिष्ट अतिथि गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी ने सबसे पहले शहीद स्मारक पर पहुंचकर एसएसबी के शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद डीजी रश्मि शुक्ला ने सभी फ्रंटियर से आए हुए अफसरों से मंत्री द्वय का परिचय कराया। मंच पर पहुंचने के बाद डीजी रश्मि शुक्ला ने स्वागत भाषण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय व डीजी रश्मि शुक्ला ने रथ पर सवार होकर परेड का निरीक्षण किया और फिर मंच पर पहुंचकर परेड की सलामी ली।
वर्षगांठ परेड में एसएसबी की 6 सीमांत मुख्यालयों से आई एक महिला टुकड़ी, एक स्पेशल ऑप्स टुकड़ी और श्वान दस्ते का प्रतिनिधित्व करने वाले बल कर्मियों ने शानदार मार्च पास्ट किया। इस दौरान एसएसबी के लिए निर्माण कार्यो का भी बटन दबाके ई-उद्घाटन हुआ।
कार्यक्रम के बाद वीरता के पुरस्कार से जवानों व अफसरों को अलंकृत किया गया। वीरता के लिए नौ पुलिस पदक, विशिष्ट सेवा के लिए पांच राष्ट्रपति पुलिस पदक, मेधावी सेवा के लिए 22 पुलिस सेवा पदक समेत एसएसबी वाहिनियों और सीमांत।मुख्यालयों और सीमांत मुख्यालय को कर्तव्यों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर ट्रॉफी दी गई। कार्यक्रम में महानिदेशक एसएसबी रश्मि शुक्ला के साथ अपर महानिदेशक बी.राधिका लाल, आई रत्न संजय समेत कई गणमान्य अधिकारी मौजूद रहे।