जिला अस्पताल के आउअडोर में मरीज देखते फिजीशियन डा मधौरिया
लखीमपुर खीरी। जिला अस्पताल अब फिजिशियन विहीन हो गया है। अस्पताल में तैनात इकलौते वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. आरएस मधौरिया भी सोमवार को रिटायर हो गए। इससे मरीजों के साथ अस्पताल प्रशासन की भी मुसीबत बढ़ गई हैं। इस संबंध में प्रभारी सीएमएस ने सीएमओ से लेकर प्रमुख सचिव को पत्र के माध्यम से अवगत कराकर फिजिशियन तैनात करने की मांग की है।
जिला अस्पताल में डॉक्टरों के 28 पद स्वीकृत हैं। इसके सापेक्ष सिर्फ 12 डॉक्टर ही तैनात है, जबकि 16 पद रिक्त हैं। सोमवार को वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. आरएस मधौरिया भी रिटायर हो गए। इससे जिला अस्पताल में फिजिशियन के पद भी रिक्त हो गए हैं। उनके सेवानिवृत्त होने से अस्पताल में मरीजों के इलाज पर संकट खड़ा हो गया है।
ऐसे में मंगलवार को जिला अस्पताल में मरीजों को इलाज मिलना भी दूभर हो जाएगा। वहीं अस्पताल प्रशासन की भी मुसीबत बढ़ना तय है।
गत वर्ष एक फिजिशियन का ट्रांसफर होने के बाद अकेले बचे थे फिजिशियन
पिछले साल जिला अस्पताल में दो फिजिशियन तैनात थे। एक डॉ. राजकुमार और दूसरे डॉ. आरएस मधौरिया। गत वर्ष डॉ. राजकुमार का तबादला होने के बाद फिजिशियन में डॉ. आरएस मधौरिया ही रह गए थे, लेकिन सोमवार को इनका रिटायरमेंट होने से जिला अस्पताल अब फिजिशियन विहीन हो गया है।
जिला अस्पताल में मौजूद स्टाफ
चेस्ट फिजीशियन- एक
बाल रोग विशेषज्ञ- एक
जनरल सर्जन-तीन
त्वचा रोग विशेषज्ञ- एक
निश्चेतक- एक
रेडियोलॉजिस्ट- एक
आर्थो सर्जन- एक
नेत्र सर्जन- एक
ईएमओ- दो
वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. आरएस मधौरिया सोमवार को रिटायर हो गए। इस संबंध में सीएमओ से लेकर शासन तक को सूचना दे दी है। जब तक किसी की तैनाती नहीं होती तब तक अन्य डॉक्टरों के साथ मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर मरीजों का इलाज करेंगे।
-डॉ. आईके राम चंदानी, प्रभारी सीएमएस जिला अस्पताल