- 72 घंटे से सामूहिक अवकाश पर थे अनुबंधित बस मालिक
संवाद न्यूज एजेंसी
लखीमपुर खीरी। लखीमपुर डिपो की अनुबंधित बसों का संचालन आज से पुन: शुरू हो जाएगा। सीओ सिटी के डग्गामार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई करने के आश्वासन पर बस मालिक बुधवार से बस चलाने के लिए तैयार हैं। परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक ने मंगलवार को लखीमपुर पहुंचकर बस मालिकों से बात कर संचालन शुरू करने के लिए वार्ता की।
रेलवे स्टेशन, राजापुर और एलआरपी चौराहे से डग्गामार वाहनों के सवारियां बैठाने से नाराज बस मालिक 15 अप्रैल की रात 12 बजे सामूहिक अवकाश पर चले गए। बस संचालन शुरू कराने के लिए आरएम से लेकर एआरएम सहित जिला प्रशासन की और से कई बार बस मालिकों से बात की गई। मगर, डग्गामार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई होने पर ही बस मालिक संचालन शुरू करने की मांग पर अड़े पर रहे। ऐसे में सोमवार शाम सीओ सिटी संदीप सिंह, एआरएम व एआरटीओ रमेश कुमार चौबे और बस मालिकों के बीच काफी देर तक वार्ता चली। इस पर सीओ सिटी के डग्गामार वाहनों पर कार्रवाई करने के आश्वासन पर बस मालिक बुधवार से बस संचालन शुरू करने के लिए तैयार हो गए।
डग्गामार वाहनों का संचालन फिर हुआ शुरू तो जाएंगे सामूहिक अवकाश पर
लखीमपुर डिपो की अनुबंधित बसों का संचालन पिछले 72 घंटे से बंद है। ऐसे में गोला, सीतापुर, शाहजहांपुर, हरदोई आदि डिपो की बसों से लखीमपुर डिपो का संचालन होता रहा। बस मालिकों का कहना है कि सीओ सिटी ने एलआरपी, राजापुर ओर रेलवे स्टेशन को डग्गामार वाहन मुक्त करने का आश्वासन दिया है। इस पर बुधवार से संचालन शुरू होगा। भविष्य में डग्गामार वाहनों का संचालन होने पर सभी बस मालिक पुन: सामूहिक अवकाश पर चले जाएंगे। इसकी जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और निगम अधिकारियों की होगी।
सीओ सिटी के प्रभावी कार्रवाई करने के आश्वासन पर बस मालिक बुधवार से बस संचालन करने के लिए राजी हो गए हैं। इससे बुधवार सुबह पूर्व की भांति बस संचालन शुरू हो जाएगा। - मुकेश मेहरोत्रा, एआरएम लखीमपुर डिपो