गोला चीनी मिल में मामले में पूछताछ करते प्रभारी निरीक्षक-संवाद
गोला गोकर्णनाथ। नगर की चीनी मिल से संदिग्ध परिस्थितियों में एक ठेका मजदूर लापता हो गया। शनिवार को परिजनों ने हंगामा कर कार्रवाई की मांग की। वहीं, घटना से मिल प्रबंधन में भी हड़कंप मच गया है। हंगामे के दौरान करीब दो घंटे तक चीनी मिल के कांटे की तौल बंद रही।
हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव कोटखेरवा निवासी अशोक कुमार ने बताया कि उसका 28 वर्षीय भाई शिव कुमार चीनी मिल में ठेका मजदूर है। वह रोज की तरह शुक्रवार की रात 2:00 बजे से सुबह 10:00 बजे की शिफ्ट में काम पर गया था। बताया कि भाई लापता है। जानकारी मिलने पर अशोक कुमार, रामू, श्याम प्रकाश सहित काफी ग्रामीण चीनी मिल पहुंचे और शिवकुमार को तलाश करने की मांग करने लगे। मजदूर के लापता होने से मिल प्रबंधन में हड़कंप मच गया।
सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह ने परिजनों, ठेकेदार व मुंशी से मामले की जानकारी की। परिजनों का कहना है कि उनकी न तो किसी से कोई रंजिश है न ही शिवकुमार को किसी प्रकार की कोई लत है। उसका मोबाइल भी स्विच ऑफ जा रहा है। चीनी मिल के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में मजदूर शिव कुमार के काम पर जाते समय के फुटेज तो है लेकिन बाहर निकलने का कोई फुटेज नहीं है।
वहीं, पुलिस ने मिल में कई स्थानों पर जांच-पड़ताल की लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले में परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है।
मिल प्रशासन और पुलिस मजदूर के परिवार के साथ है और हर संभव मदद करने के लिए तैयार है। लापता शिव कुमार ठेका मजदूर है। तलाश की जा रही है।
- सतीश श्रीवास्तव, पीआरओ चीनी मिल